फोटो-02- रैंगाई में मामा भांजे के अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद लोग। संवाद
पिहानी। लखीमपुर खीरी में शनिवार को सीओ की गाड़ी से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत का मामला संभ्रांत लोगों के हस्तक्षेप के बाद शांत हो गया। मुआवजा दिए जाने के आश्वासन और प्राथमिकी दर्ज किए जाने पर सोमवार सुबह दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
शाहजहांपुर जनपद के पवायां थाना क्षेत्र के अनावा निवासी रामऔतार कुशवाहा (45) की ससुराल पिहानी कोतवाली क्षेत्र के रैंगाई में है। शादी के बाद से वह परिवार समेत ससुराल में ही रहने लगे थे। उनके मामा जयजयराम (60) भी उनके साथ रहते थे। शनिवार को रामऔतार और जयजयराम बाइक से खाद लेने लखीमपुर के मोहम्मदी जा रहे थे। इस दौरान सीओ मोहम्मदी की गाड़ी से टक्कर के कारण बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई थी। रविवार को शव रैंगाई पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया था। मुआवजा, कार्रवाई और सरकारी नौकरी की मांग की जा रही थी।
सीओ अजीत चौहान की मौजूदगी में इलाके के संभ्रांत लोगों ने परिजनों को समझाया। इसके बाद सोमवार सुबह दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। मामले में रामऔतार के पुत्र अनुज की शिकायत पर मोहम्मदी कोतवाली में अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।