छिबरामऊ (हरदोई)। गंगा के जलस्तर बढ़ने और कटान तेज होने से बाढ़ की आशंका से कटियारी क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई है। कटरी परसोला का आधा प्राथमिक स्कूल भवन बुधवार रात गंगा की कटान में बह गया। नदी के करीब स्थित गांव के लोग सामान समेटकर पलायन करने लगे हैं।
कुछ तो घर तोड़कर ईंटें ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर ले जा रहे हैं। गुरुवार को हालात का जायजा लेने डीएम अधिकारियों के साथ कटियारी पहुंचे। उन्होंने तीन ब्लाकों में ब्लॉक प्रमुखों और बाढ़ प्रभावित गांवों के प्रधानों के साथ बैठक कर जानकारी ली।
कटरी परसोला के जयराम, खुशीराम, लालचंद आदि सुबह सामान समेटकर पलायन की तैयारी में हैं। इन लोगों का कहना था कि अभी कोई सरकारी कैंप भी नहीं बना है, हम लोग जाएं तो कहां जाएं। सालिकराम जब अपना मकान तोड़ रहा था तो उसकी मां सिसक उठी।
उनका कहना था कि खून पसीने की कमाई से मकान बनाया था आज अपने हाथों से तोड़ना पड़ रहा है। इन लोगों का कहना था कि हम लोग तो भूखे पेट सो सकते हैं लेकिन बच्चे कहां जाएंगे। खेती पहले ही कट चुकी है मजदूरी करके घर का खर्च चलता था अब घर भी छूट रहा है। महनंदीपुरवा के सालिकराम, विनोद, सुशील, पप्पू, कल्लू, श्यामलाल के घर खतरे में आ गए हैं। ये लोग भी ट्रैक्टर-ट्राली में सामान भरकर पलायन कर रहे हैं।