हरदोई। मेडिकल कॉलेज में एक्सरे कराने के लिए मरीजों की मारामारी अब समाप्त हो गई है। डिजिटल मशीन तो चालू हो गई थी, प्रिंटर आने से अब एक्सरे फिल्म भी मिलना शुरू हो गई है। इससे जहां अभी तक 60 से 70 एक्सरे हो रहे थे, वहीं अब दिन भर में 150 एक्सरे होने लगे हैं। इससे मरीजों को काफी राहत मिल गई है।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में मरीजों की सहूलियत के लिए करीब दो साल पहले डिजिटल एक्सरे मशीन लगी थी। मशीन लगने के कुछ दिन बाद खराब हो गई और इसके बाद से पोर्टेबल मशीनों के सहारे काम चल रहा था। इस वजह से दिन भर में 60 से 70 या बहुत अधिक 100 एक्सरे ही हो पा रहे थे। इस वजह से एक्सरे कराने के लिए दूर दराज से आने वाले मरीजों को देर हो जाने पर एक्सरे दूसरे दिन कराने पड़ते थे। इससे मरीजों को काफी परेशान होना पड़ता था।
मरीजों की समस्याओं को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य के प्रयासों से दो साल बाद मशीन सुधर गई और अब प्रिंटर भी आ गया है। मरीजों का अब डिजिटल एक्सरे भी हो रहा है और फिल्म भी मिलने लगी है। इसके इतर अभी तक कम एक्सरे हो रहे थे, अब 150 एक्सरे दिन भर में होने लगे हैं। एक्सरे विभाग के टेक्नीशियन सुमित ने बताया कि हर मरीज के चार से पांच तरफ के एक्सरे हो रहे हैं। 150 मरीजों के करीब 500 एक्सरे लिए जा रहे हैं।
टोकन व्यवस्था से भी नियंत्रित हुई भीड़
हरदोई। एक्सरे कक्ष में भीड़ के नियंत्रण के लिए टोकन व्यवस्था चालू कर दी गई है। टोकन व्यवस्था में आने वाले मरीज को विभाग की सील लगाकर नंबर दे दिया जा रहा है। इससे कक्ष के बाहर भीड़ पर नियंत्रण है, साथ ही कर्मचारियों पर पहले से नंबरों को हटाकर बाद वाले नंबरों को लगा दिए जाने की शिकायत पर भी लगाम लग गई है। कक्ष के बाहर एक सिक्योरिटी गार्ड को बैठाकर उनके माध्यम से ही टोकन वितरण का काम सौंपा गया है।