रक्षाबंधन पर्व को लेकर रोडवेज ने फिर समुचित
संसाधनों पर भरोसा जताया है। यात्रियों की संख्या के बावजूद रूटों पर
अतिरिक्त बसें नहीं बढ़ाई गई हैं। रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही बसों में
यात्रियों की भीड़ भाड़ होने लगी है, जिससे बस में सीट पाने के लिए
यात्रियों को मारामारी करनी पड़ रही है।
जिले से कई रूटों पर अभी भी उतनी
ही बसें संचालित हो रही हैं, जितनी अभी तक चल रही हैं। बसों में भीड़ के
कारण ओवर लोडिंग हो रही है। रोडवेज के अफसरों की माने तो फर्रुखाबाद व
शाहजहांपुर रूट पर यात्रियों की भीड़ काफी ज्यादा रहती है। पिछले वर्ष
रक्षाबंधन पर्व पर तो शाहजहांपुर व फर्रुखाबाद रूट पर भीड़ इस कदर बढ़ी थी
कि अंतिम समय तक बसों की अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ गई थी।
इसके बाद भी
अबकी फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर रूट के लिए अतिरिक्त बसें नहीं लगाई गई हैं।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रियों की भीड़
को देखते हुए पूरी तैयारी कर ली गई है, हर यात्री को गंतव्य तक पहुंचाया
जाएगा।