हरदोई। जिले में मरीजों की सुविधा के लिए आठ और 108 एंबुलेंस मिली हैं जिनको राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल ने हरी झंडी देखाकर रवाना किया। यह गाड़ियां जिले की सीमा पर तैनात रहेंगी और मरीजों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाएगी।
समाजवादी एंबुलेंस सेवा के तहत जिले में 108 व 102 एंबुलेंस चल रही हैं। शासन की ओर से अब आठ 108 और एंबुलेंस मिल गई हैं जिनको बुधवार को जिला अस्पताल से राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इससे जिले के लोगों केा लाभ मिलेगा।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में चल रहे निर्माण कार्यो केा समय सीमा के अंदर पूरा कराने के निर्देश दिया। सीएमओ आर पी रावत ने बताया कि 108 एंबुलेंस सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात की जाएगी जिसमें एक सवायजपुर, एक कन्नौज वार्डर इशरापुर, एक पिहानी थाना क्षेत्र के जहानीखेड़ा में एक गोपामऊ, एक अनंगपुर, एक बघौली और एक जिला अस्पताल में तैनात रहेगी। इससे हाइवे पर आकस्मिक घटनाआें में मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र पर जल्द पहुंचाया जा सकेगा। इस मौके पर सीएमएस डा. आर के मिश्र, समाज सेवी नरेश गोयल, अनुग्रह शक्ति भारद्वाज सहित कई लोग मौजूद रहे।
पिहानी प्रतिनिधि के अनुसार जहानीखेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी एंबुलेंस रहेगी। पिहानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सीएचसी पिहानी से जहानीखेड़ा का फासला कोई 15 किमी है। सड़क खराब होने से दिक्कत होती है। जहानीखेड़ा में एंबुलेंस मिलने से सहूलियत होगी।