हरदोई। होली विशेष ट्रेन में गुरुवार को बिहार के समस्तीपुर के छतौना गांव की गर्भवती रानी कुमारी की तबीयत बिगड़ गई। हरदोई में जीआरपी ने ट्रेन रुकवाकर महिला को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में महिला को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया।
जयनगर से आनंद विहार टर्मिनस जा रही होली विशेष ट्रेन 04013 में बिहार के समस्तीपुर से गर्भवती महिला रानी कुमारी भाई फूल बाबू के साथ दिल्ली जाने के लिए सवार हुई। ट्रेन के स्लीपर कोच एस-10 में यात्रा के दौरान गर्भवती महिला को काफी दर्द हुआ। महिला के भाई ने जानकारी ट्रेन मैनेजर को दी।
ट्रेन मैनेजर मनोज कुमार ने कंट्रोल रूम के माध्यम से हरदोई जीआरपी को सूचित किया। कांस्टेबल देशराज मीणा, महिला कांस्टेबल अनीता देवी ने स्टेशन अधीक्षक नरसीलाल के सहयोग से ट्रेन को हरदोई स्टेशन पर रुकवाया।
महिला को जिला महिला अस्पताल में भिजवाया। आराम न मिलने पर रानी को लखनऊ रेफर कर दिया गया। बाबू ने बताया कि वह बहन को जीजा संजय कुमार के पास दिल्ली लेकर जा रहा था। (संवाद)