जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में दो प्रकार की
काउंसिलिंग होने के कारण भारी भीड़ एकत्रित हो गई। इससे वहां पर आए आवेदकों
को परेशानी का सामना करना पड़ा। टीईटी आवेदक और अनुदेशक पद के आवेदकों ने
काउंसिलिंग में पहुंच कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
ज्ञात हो कि
सुप्रीमकोर्ट के निर्देश पर सामान्य वर्ग के 70 फीसदी तक और अन्य वर्ग के
60 फीसदी तक टीईटी में अंक लाने वाले आवेदकों की काउंसिलिंग शुरू हुई।
काउंसिलिंग में पहले दिन गुरुवार को समस्त विकलांग, स्वतंत्रता संग्राम
सेनानी आश्रित, भूतपूर्व सैनिक स्वयं महिला और पुरुष आवेदकोें की
काउंसिलिंग हुई थी।
शुक्रवार को कला वर्ग की समस्त महिला आवेदकों की
काउंसिलिंग शुरू हुई। इसके लिए हर वर्ग के अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, पर
आवेदकों की संख्या अधिक होने के कारण सुबह अफरातफरी का माहौल रहा। आवेदकों
के दूसरे जनपद जाने की जल्दी के कारण सभी पहले काउंसिलिंग कराने की फिराक
में थे।
महिला आवेदकों के साथ उनके सहयोगी होने के कारण वहां पर भारी भीड़
रही। काउंसिलिंग के दौरान आवेदकों की भीड़ से उनको असुविधा का सामना करना
पड़ा। देर शाम तक डायट में काउंसिलिंग जारी थी। इस संबंध में डायट
प्राचार्या मीरा पाल ने बताया कि अभी व्यस्त है। काउंसिलिंग में उपस्थित
देर शाम तक स्पष्ट हो सकेगी।
इधर, डायट में ही परिषदीय जूनियर हाईस्कूल में
अनुदेशकों के पद के लिए जारी चयन सूची के आवेदकों की काउंसिलिंग शुक्रवार
को डायट में शुरू हुई। जिसके लिए छह टीमें बनाई गई थी। जिसका प्रभारी बीईओ
को बनाया गया था। काउंसिलिंग में 900 आवेदकों को बुलाया गया था।
जिसके
सापेक्ष 350 आवेदकों ने उपस्थिति दर्ज कराई। जिले में 308 पदों पर नियुक्ति
की जानी है। जिसके लिए तीन गुना आवेदक बुलाए गए थे। इस बाबत जिला समन्वयक
शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि सभी टीमों से जानकारी ली जा रही है। स्पष्ट
संख्या देर शाम तक आएगी।