घटनास्थल पर बिलखती राधेश्याम की पत्नी छोटी बिटिया और पुत्रियां।
- फोटो : amarujala
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम ककेड़ी निवासी एक युवक की मारपीट के बाद चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। युवक का शव शुक्रवार सुबह ककेड़ी-दतेली मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। वहीं युवक की बाइक भी खड़ी थी। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पड़ोसी गांव के एक युवक पर अपने साथ ले जाकर साथियों के साथ हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम ककेड़ी निवासी राधेश्याम (40) पुत्र शिवराम शटरिंग का काम करता था। गुरुवार की सुबह राधेश्याम का दतेली निवासी दोस्त गुड्डू पुत्र विष्णु उसे घर से बुला ले गया था। इसके बाद से राधेश्याम घर नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह गांव का ही नीरज सांडी दतेली मार्ग पर अपने पिपरमेंट के प्लांट पर जा रहा था। सड़क किनारे राधेश्याम की बाइक खड़ी देखकर वह रुक गया। इसी दौरान उसकी नजर झाड़ियों में पड़े राधेश्याम के शव पर पड़ी। उसने मोबाइल से घटना की सूचना गांव में दी।
कुछ ही देर में राधेश्याम के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर ग्रामीणों की भी भीड़ लग गई। सूचना पर सांडी थानाध्यक्ष अरुणेश गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे। दोपहर में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष अरुणेश गुप्ता ने बताया कि मृतक की पत्नी छोटी बिटिया की तहरीर पर दतेली निवासी गुड्डू पुत्र विष्णु के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना के बाद से गुड्डू फरार है।