फोटो-17- आयुष गुप्ता ऊर्फ उमंग । फाइल फोटो
हरदोई। बीते शनिवार सुबह से लापता किशोर का शव दोस्त के पिता की निशानदेही पर रिटर्निंग वॉल के पत्थर के नीचे दबा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगाें के सहयोग से जेसीबी मंगवाकर पत्थर हटवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने दोस्त पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चौहान थोक निवासी धर्मेंद्र गुप्ता आढ़ती हैं। धर्मेंद्र ने बताया कि उनका पुत्र उमंग उर्फ आयुष गुप्ता (15) लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में कक्षा दस का छात्र था। शनिवार को दिन में लगभग 11 बजे कृष्णनगरिया निवासी आयुष का दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद आयुष वापस घर नहीं आया। देर शाम परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात में पुलिस को आयुष के लापता होने की सूचना दी। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया। परिजनों ने पुलिस को आयुष के दोस्त के बारे में बताया तो पुलिस ने दोस्त से पूछताछ की।
इसी बीच दोस्त का पिता आयुष के घर पहुंच गया। यहां उन्होंने आयुष के परिजनों को बताया कि बावन रोड पर निर्माणाधीन बाईपास के रिटर्निंग वाॅल के पत्थर के नीचे आयुष का शव दबा हुआ है। इस पर परिजन दोस्त के पिता को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। यहां शव दबा देखकर पुलिस को सूचना दी। सीओ सिटी अंकित मिश्रा, शहर कोतवाल संजय त्यागी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से पत्थर हटवाया गया। परिजनों ने दोस्त पर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या की वजह परिजन नहीं बता पा रहे हैं। उधर, दूसरी ओर सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं।
हाथ में मिली लकड़ी, पास पड़े थे बोल्ट
जेसीबी से जब पत्थर हटाया गया तो आयुष का शव दबा मिला। शव के हाथ में एक लकड़ी मिली। पास ही कुछ बोल्ट भी पड़े थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ बच्चे शनिवार को रिटर्निंग वाॅल के पत्थरों को जोड़ने के लिए लगाए जाने वाले नट-बोल्ट खोल रहे थे। इसी दौरान एक पत्थर गिर गया और इसके नीचे दबकर बच्चे की मौत हो गई। पुलिस से जुड़े सूत्र बताते हैं कि मृतक के दोस्त ने भी पुलिस और अपने पिता को यही बताया है कि वह लोग नट-बोल्ट खोल रहे थे। इस दौरान पत्थर गिर गया और इसके नीचे आयुष दब गया। डर की वजह से वह मौके से भाग आया।
फोटो-17- आयुष गुप्ता ऊर्फ उमंग । फाइल फोटो