फोटो-27- परवेज उर्फ गोलू। फाइल फोटो
संडीला। टेंट की दुकान पर मजदूरी के रुपये मांगने घर से निकले युवक का शव शनिवार शाम मंडई मस्जिद के नीचे पड़ा मिला। मृतक की मां ने टेंट दुकानदार समेत पांच लोगों पर पुत्र को मस्जिद से नीचे फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया है।
नगर के चक्कर रोड स्थित मोहल्ला ऊपरी मंडई निवासी परवेज उर्फ गोलू (19) दो साल से टेंट की दुकान पर काम करते थे। टेंट की दुकान और मस्जिद पास-पास हैं। मां जन्नतुन के मुताबिक, पांच अगस्त को परवेज की टेंट दुकानदार और वहां काम करने वाले दो कर्मचारियों से कहासुनी हो गई थी। दावा है इस दौरान आरोपियों ने उन्हें पीट दिया था। इसकी शिकायत जन्नतुन ने जन सुनवाई पोर्टल के माध्यम से की थी। शनिवार की शाम परवेज मजदूरी के बकाया रुपये लेने के लिए टेंट हाउस गया था।
दावा है वहां विवाद हो गया। टेंट हाउस के मालिक ने कर्मचारियों के साथ मिलकर फिर से गोलू को पीट दिया। देर शाम मस्जिद के बाहर गोलू का शव पड़ा मिला। मां का आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर आरोपियों ने गोलू को मस्जिद की छत से फेंक दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। परवेज दो भाइयों में दूसरे नंबर के थे। कोतवाल विद्या सागर पाल ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।