हरदोई। जेल के कैदियों एवं स्वयं सहायता समूह की ग्रामीण महिलाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए इस दीपावली पर हाट बाजार की पहल की गई है ताकि लोग इनके द्वारा बनाई पूजा सामग्री आदि की खरीद करें, इनका आर्थिक लाभ होने के साथ ही उत्साह भी बढ़े। यह बात जिलाधिकारी ने कही।
नगर पालिका परिषद की ओर से महात्मा गांधी मार्ग पर सजाई गई हाट बाजार का शुभारंभ जिलाधिकारी पुलकित खरे ने किया। उन्होंने कहा कि जेल के कैदियों एवं स्वयं सहायता समूह की ग्रामीण महिलाओं द्वारा दीपावली में प्रयोग होने वाले दीया, गणेश-लक्ष्मी, कुल्हड़, रुमाल, बैग, झोला, चप्पल एवं पूजा सामग्री की बिक्री के लिए बाजार सजाई गई है। उन्होंने कहा कि इस बार दीपावली को प्लास्टिक मुक्त मनाने के लिए जनपद के लोगों को प्रेरित किया जाएगा। पालिका चेयरमैन सुख सागर मिश्र, सीडीओ निधि गुप्ता वत्स, डीडीओ राजितराम मिश्रा, जेल अधीक्षक बृजेंद्र कुमार, ईओ रविशंकर शुक्ला, भाजपा नेता पीके वर्मा आदि उपस्थित रहे।