हरदोई। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की आपात बैठक गुरुवार की शाम जिला महिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में हुई। जिसमें कर्मचारियों की समस्या पर चर्चा की गई।
अध्यक्षता करते हुए चिकित्सा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. स्वामी दयाल ने कहा कि हर माह संघ की बैठक आयोजित की जाए। उनके इस प्रस्ताव पर सभी ने सहमति जताई। हरपालपुर के निवर्तमान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद पांडेय का रुका हुआ वेतन न जारी करने पर सभी चिकित्सकों द्वारा सहयोग राशि दिए जाने पर सहमति बनी। साथ ही इस मामले पर सीएमओ से वार्ता करने का भी निर्णय लिया गया। चिकित्सा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष ने बताया कि चिकित्सकों के विरुद्ध लगातार उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की जा रही है। यह उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर यह कार्रवाई तत्काल बंद नहीं होती तो प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएगा। बैठक में सचिव डॉ. शरद वैश्य के अलावा अन्य चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।