समाजवादी पेंशन न मिलने से क्षुब्ध चौधरियापुर के
ग्रामीणों ने गुरुवार को कलक्ट्रेट में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और डीएम
को ज्ञापन देकर उनके खातों में पेंशन की राशि भेजने की मांग की। ग्रामीणों
ने आरोप लगाया कि जानबूझ कर जिम्मेदारों द्वारा बैंक खातों को गलत कर दिया
गया है।
कलक्ट्रेट में ज्ञापन से पूर्व बिलग्राम के ग्राम चौधरियापुर
निवासी मीना, मंजू, राजकुमारी आदि ने बताया उन सभी का नाम समाजवादी पेंशन
की चयनित सूची में नाम शामिल है। सभी ने अपने-अपने खातों की पास बुक को
ग्राम पंचायत अधिकारी विजय कुमार के पास जमा की, पर किसी के भी खाते में
पेंशन की धनराशि नहीं पहुंच पाई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि किसी का
नाम गलत कर दिया गया है, तो किसी के बैंक खाते का नंबर बदल दिया गया है,
जिससे अधिकांश लोगों को पेंशन की धनराशि अब तक प्राप्त नहीं हो सकी है। आरोप
लगाया कि जब इस बाबत जानकारी लेनी चाही गई तो उन्हें भगा दिया जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित विभाग के कर्मचारी उन्हें बरगला रहे हैं कि
जिनकी राशि खाते में नहीं पहुंची उनका नाम ही चयनितों की सूची से हटा दिया
गया है। जिलाधिकारी रमेश मिश्र को ज्ञापन देकर उक्त ग्रामीणों ने जांच
कराकर गरीब ग्रामीणों को पेंशन की राशि जल्द से जल्द मुहैया कराने की मांग
की है। इस मौके पर कृष्ण कुमारी, मनीषा, उर्मिला, ऊषा समेत काफी संख्या में
ग्रामीण मौजूद थे।