मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के गांव दाउदपुर में सोमवार को एक युवक का शव नाले के पास पेड़ पर फंदे से लटका मिला। वहीं, युवक के पड़ोस में रहने वाली किशोरी का शव कुछ दूरी पर झाड़ियों में पड़ा मिला।
किशोरी की गला रेतकर हत्या की गई है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग के चलते युवक द्वारा किशोरी की धारदार हथियार से गर्दन रेतकर हत्या के बाद खुदकुशी करने की बात सामने आई है।
गांव दाउदपुर निवासी विपिन यादव (32) का शव सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने नाले के पास आम के पेड़ पर गमछे से फंदे पर लटकता देखा। इसी बीच कुछ ग्रामीणों ने वहां से लगभग तीन सौ मीटर दूर झाड़ियों में गांव निवासी नित्या उर्फ जूजू (17) का शव भी पड़ा देखा।
नित्या की गला रेतकर हत्या की गई थी। युवक और किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। फारेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच कर नमूने जुटाए।
इस बीच एसपी अनुराग वत्स ने पहुंचकर घटना की जाननकारी ली। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक व किशोरी के प्रेम प्रसंग की बात पता चली है।
युवक द्वारा किशोरी की धारदार हथियार से गर्दन रेतने के बाद खुद फांसी लगा लेने की बात सामने आई है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस कई अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।