-परिजनों ने स्थानीय दुकानदार पर झूठी शिकायत करने का लगाया आरोप
- टड़ियावां थाना क्षेत्र के गद्दीपुरवा गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
टड़ियावां। गद्दीपुरवा गांव में संदिग्ध हालात में किशोरी का शव दुपट्टे के फंदे से लटकता मिला। मृतका की मां की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिकंदरपुर के मजरा गद्दीपुरवा निवासी राम सिंह की चार साल पहले कैंसर के कारण मौत हो चुकी है। उनके छह बच्चों में सबसे छोटी सपना (17) हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद घर में ही रहती थी। मां मीना देवी ने बृहस्पतिवार सुबह सपना का शव घर के अंदर कमरे में दुपट़्टे के फंदे से लटकता देखा। इस पर वह बिलख पड़ी। इसी बीच ग्रामीणों की भीड़ लग गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की मां मीना देवी के मुताबिक बीते दिनों सपना का गांव के ही एक शख्स से विवाद हो गया था। मीना देवी ने बताया कि सपना अपने मोबाइल को रीचार्ज कराने एक दुकानदार के पास गई थी। आरोप है कि दुकानदार ने सपना के पास रुपये न होने के कारण अभद्रता की थी।
इस पर मीना देवी ने दुकानदार को उलाहना भी दिया था। इसके बाद दुकानदार ने मीना देवी और उसके परिजनों पर मारपीट करने और दुकान से पचास हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगा दिया था। मीना देवी का कहना है कि झूठी शिकायत किए जाने से परेशान होकर सपना ने खुदकुशी की है। सीओ हरियावां संतोष सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अभद्रता या छेड़छाड़ जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।