- एडीओ पंचायत से कार्रवाई के लिए संस्तुति सहित रिपोर्ट मांगी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। गांवों में आगामी वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले कार्यों की कार्ययोजना को ऑनलाइन फीड कराने और कराए जा रहे कार्यों के भुगतान में लापरवाही पर नौ पंचायत सचिवों से जवाब-तलब किया गया है। विकास खंड पिहानी, भरावन और संडीला के एडीओ पंचायत से काम न करने वाले पंचायत सचिवों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संस्तुति सहित आख्या डीपीआरओ ने तलब की है।
ग्राम पंचायतों की ओर से गांवों में आगामी वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले कार्यों की प्राथमिकता तय करते हुए कार्ययोजना ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर फीड की जानी है। परिवार रजिस्टर का भी डिजिटालाइजेशन कराया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को परिवार रजिस्टर के डिजिटालाइजेशन, कार्ययोजना फीड कराए जाने और भुगतान की विकास खंड संडीला, पिहानी और भरावन की ग्राम पंचायतवार वर्चुअल समीक्षा की।
व्यक्तिगत शौचालयों की सत्यापन रिपोर्ट फोटो सहित उपलब्ध कराए जाने की कम स्थिति पर नाराजगी जाहिर की। पिहानी के एडीओ अखिलेश कुमार से कहा कि काम न करने वाले पंचायत सचिवों के वेतन भुगतान पर रोक लगाई जाए।
भरावन एडीओ प्रमोद कुमार से कहा कि सभी कार्यक्रमों में पिछड़े पंचायत सचिवों को प्रतिकूल प्रविष्टि के लिए प्रस्ताव भेजें। भरावन के पंचायत सचिव सतीश चंद्र, स्वाति, अब्बास रजा, पिहानी के रिजवान अली, आशीष कुमार, धीरेंद्र कुमार, ब्रजपाल श्रीश वाजपेयी और गौरव सिंह से जवाब-तलब किया है। चेतावनी दी है कि दो दिन के अंदर काम में सुधार न होने पर वेतनवृद्धि रोकी जाएगी।