हरदोई। बंदर का अंतिम संस्कार करने पर तीन युवकों को गिरफ्तार करने और फिर तीन हजार रुपये लेकर छोड़े जाने के मामले में एसपी अमित कुमार ने पिहानी कोतवाली में तैनात तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
दो जून को पिहानी कोतवाली क्षेत्र के मगरापुर में एक पेड़ पर बंदर की मौत हो गई थी। गांव निवासी शुभम, संजय अर्कवंशी और शिवांशु ने पेड़ से शव उतारकर अंतिम संस्कार कर दिया था। मौके पर पहुंचे पुलिस के तीन सिपाहियों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया था और सआदत नगर पुलिस सहायता केंद्र ले गए थे। पीड़ित शुभम, संजय व शिवांशु ने तीन जून को एसपी अमित कुमार से शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी सिपाहियों ने छोड़ने के एवज में उनसे 20 हजार रुपये की मांग की। बाद में परिजनों व गांव के ही एक अन्य व्यक्ति से तीन हजार रुपये मंगवा कर सिपाहियों को दिए। एसपी ने पूरे मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट मिलने पर दीवान अनूप सिंह, सिपाही रमेश यादव और विकास यादव को निलंबित कर दिया।
पाली के प्रभारी निरीक्षक लाइन हाजिर : एसपी अमित कुमार ने शनिवार रात लगभग साढ़े आठ बजे पाली के प्रभारी निरीक्षक डीपी सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। पाली में अभी किसी की तैनाती नहीं की गई है। रूपापुर चीनी मिल से जुड़े एक प्रकरण में उन्हें लाइन हाजिर किया गया है। इसके अलावा एसपी ने शहर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक अविनाश कुमार को भी लाइन हाजिर कर दिया है।