विधान परिषद चुनाव के मतदान को लेकर एक तरफ राजनीतिक दलों का जनसंपर्क तेजी पकड़ने लगा है तो वहीं प्रशासनिक तैयारियां भी परवान चढ़ने लगीं हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर निर्वाचन कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। इसका नंबर 05852-234407 है। यहां कर्मियों की ड्यूटी लगाकर शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है।
जिले के 87 मतदेय स्थलों पर पहली दिसंबर को वोट डाले जाने थे लेकिन दो बूथों पर मतदाता शून्य पाए जाने पर 85 मतदेय स्थलों पर मतदान होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक वरिष्ठ सहायक नीलिमा वर्मा व संग्रह अमीन नवीन शुक्ला की ड्यूटी लगाई गई है तो वहीं दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक वरिष्ठ सहायक विजय शंकर पाल व संग्रह अमीन अनूप मिश्रा की ड्यूटी लगाई गई है।
इसी तरह रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक कनिष्ठ सहायक अंकुर दीक्षित व संग्रह अमीन अश्वनी मिश्रा की ड्यूटी लगाई गई है।
अपर जिलाधिकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम स्थापित होने से प्रभावी अनुश्रवण में सहायता मिलेगी। सूचनाएं प्राप्त होती रहेंगी।
निर्वाचन कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम की पूरी जिम्मेदारी अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे को दी गई है। उनके नेतृत्व में सभी कर्मी अपने दायित्वों का पालन करेंगे।