हरदोई के ग्राम कौढ़ा में गुमटी में घुसा टैंकर। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर बुधवार सुबह 11 बजे टेंपो को बचाने के प्रयास में टैंकर सड़क किनारे रखी पान की गुमटी में घुस गया। छह लोगों को रौंदता हुआ नाले में जा घुसा। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। फरार चालक की पुलिस तलाश कर रही है।
बुधवार सुबह शाहजहांपुर की ओर से आ रहा डीजल भरा टैंकर हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर ग्राम कौढ़ा में आगे चल रहे टेंपो के अचानक ब्रेक लगाने पर उसे बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया। टैंकर सड़क किनारे रखी पान की गुमटी में घुसता हुआ वहां खड़े छह लोगों को रौंदने के बाद सड़क किनारे नाले में घुस गया। हादसे में गुमटी के निकट खड़े सौरभ पांडेय (22) पुत्र रामू पांडेय, श्रवण (20) पुत्र नन्हें, विक्रम (20) पुत्र रामभजन, राजेश्वर (50) पुत्र शीतला सिंह और श्यामू सिंह (45), राजप्रताप (19) पुत्र पुनीत गंभीर रूप से घायल हो गए। श्रवण पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए सौरभ को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने क्रेन मंगवाकर टैंकर को बाहर निकलवाया और कोतवाली देहात में खड़ा करा दिया। इस दौरान करीब 15 मिनट वाहनों को रुक-रुककर गुजारा गया। कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि टैंकर के चालक, मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।
हरदोई। टैंकर के गुमटी में घुसने पर मौत का शिकार हुए सौरभ पांडेय पिता रामू पांडेय के साथ दिल्ली में प्राइवेट फैक्टरी में काम करता था। वह दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई गौरव है। सौरभ दिवाली में पिता के साथ गांव आया था और तब से यहीं था। ग्रामीणों के मुताबिक सौरभ पान मसाला लेने गुमटी पर गया था, लेकिन तभी हादसा हो गया। घटना के बाद सौरभ की मां नीलम पांडेय बिलख पड़ीं। गांव से साथ आए लोगों ने जिला अस्पताल में किसी तरह उन्हें संभाला। घटना में घायल हुए राजप्रताप राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की कौढ़ा शाखा के मुख्य शिक्षक है। घटना में मृत श्रवण पोल्ट्री फार्म में काम करता था।