हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रानीखेड़ा में युवा किसान की हत्या किए जाने के मामले में पड़ोसी गांव के किसान, उसकी पुत्री और पुत्र के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस का दावा है कि प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या हुई है।
सोमवार शाम को मोबाइल फोन पर आई कॉल के बाद रानीखेड़ा निवासी रामसुंदर सिंह उर्फ बब्बू (21) पुत्र विक्रम सिंह घर से निकला था। इसके बाद वह लापता हो गया था। मंगलवार शाम उसका शव गांव में ही एक खेत में पड़ा मिला था। उसकी पीठ में गोली लगी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
बुधवार को मृतक के पिता विक्रम सिंह की तहरीर पर पड़ोसी गांव जनकपुरवा निवासी रामकिशोर पांडेय पुत्र मेवाराम, उनकी पुत्री नेहा पांडेय और पुत्र विपिन पांडेय के विरुद्ध बब्बू की गोली मारकर हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई। कोतवाल भगवानचंद्र वर्मा ने बताया कि नेहा पांडेय द्वारा फोन कर बब्बू को मिलने के लिए बुलाने और उसके बाद पिता और भाई द्वारा हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। कोतवाल ने बताया कि नेहा और बब्बू के बीच प्रेम प्रसंग की भी जानकारी मिली है। गोली रामसुंदर की पीठ में मारी गई थी। गोली लीवर फाड़ते हुए दायीं पसली में फंस गई थी।