हरदोई। ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गैंग में जेई की संलिप्तता सामने आने के प्रकरण की जांच के लिए गठित कमेटी ने जांच पूरी कर ली है। अधीक्षण अभियंता एनके मिश्रा की अध्यक्षता वाली टीम ने जांच रिपोर्ट प्रबंध निदेशक मध्यांचल वितरण निगम को सौंप दी है।
फरवरी में एक प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गैंग का खुलासा किया था। इस प्रकरण में विद्युत विभाग के जेई रामकृपाल का नाम सामने आने पर मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक ने पूरे प्रकरण की जांच करने का आदेश दिया था।
एमडी ने इसके लिए अधीक्षण अभियंता हरदोई एनके मिश्रा की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया था। जिसमें अधिशाषी अभियंता वर्कशॉप लखनऊ जोन सुभाष गौतम व अधिशाषी अभियंता स्टोर लखनऊ जोन पीके सिंह भी शामिल किया गया था।
जांच कमेटी ने पूरे प्रकरण की जांच करने के बाद एक सप्ताह पहले अपनी रिपोर्ट एमडीएम मध्यांचल को सौंप दी है। विभागीय सूत्रों की माने तो जांच के दौरान पूरे प्रकरण में जेई की भूमिका संदिग्ध मिली है।
हालांकि जांच कमेटी में शामिल अधिकारियों ने इस संबंध मेें कुछ भी बताने से इंकार कर दिया है। इधर रविवार को पुलिस ने आरोपी जेई रामकृपाल को गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश किया है। अधीक्षण अभियंता एनके मिश्रा ने बताया कि जांच रिपोर्ट एमडीएम को सौंप दी गई है, आगे की कार्रवाई मुख्यालय स्तर से की जानी है।