हरदोई। ज्ञानपुरवा गांव निवासी विवाहिता ने देर रात घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ज्ञानपुरवा निवासी अमिता (23) की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह उसका शव घर के एक कमरे में कुंडे से दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटकता मिला।
परिजन घटना का कारण नहीं बता सके। सूचना मिलने के बाद बेहटा गोकुल के ग्राम दलेलनगर निवासी पिता राघवेंद्र सिंह परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए।
पिता ने दामाद धीरेंद्र और बेटी की सास कुसुमा पर हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी तीन साल पहले धीरेंद्र के साथ की थी, उसके कोई संतान नहीं है।
शादी के बाद से ही आरोपी ससुरालीजन दहेज में कार व सोने की चेन की मांग को लेकर उसकी बेटी को परेशान करने लगे। उसने पुलिस से भी इसकी शिकायत की थी, जिस पर पुलिस ने सुलह करा दी थी।
बताया कि इसके बाद भी आरोपियों के रवैये में सुधार न होने पर पिछले डेढ़ साल से उसकी बेटी अमिता अपने मायके में रह रही थी। लगभग ढाईं माह पूर्व सास कुसुमा उसे विदा करा कर ससुराल ले आई थी।
पिता राघवेंद्र ने बताया कि शनिवार सुबह उन्हें बेटी के फांसी लगाए जाने की सूचना दी गई, लेकिन जब वह मौके पर आया तो बेटी का शव चारपाई पर पड़ा मिला।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी एसओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।