अन्नदाता सहायता मंच के पदाधिकारियों और सवायजपुर के
क्षेत्रवासियों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर
बेमौसम बारिश में हुई क्षति का वास्तविक मुआवजा दिलाने की मांग की। इसको
लेकर डीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया।
कलक्ट्रेट में हुए प्रदर्शन को
संबोधित करते हुए अन्नदाता सहायता मंच के संयोजक प्रीतेश दीक्षित ने कहा कि
बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि में हुए फसल के नुकसान के बाद राज्य व केंद्र
सरकार ने जिस अनुपात में किसानों को क्षतिपूर्ति धनराशि देने को जो मानक तय
किए हैं, उसके अनुसार हर किसान को वास्तविक क्षतिपूर्ति दी जाए।
उन्होंने
कहा कि सवायजपुर विस क्षेत्र कटियारी व पछौहा क्षेत्रों में लगभग 80 फीसदी
गांवों में किसी भी किसान को क्षतिपूर्ति की अभी तक चेक नहीं मिली, जबकि हर
किसान को अगली फसल के लिए धन की जरूरत है। ऐसी स्थिति में एसडीएम को
निर्देशित किया जाए कि वह अपने राजस्व कर्मियों से हर राजस्व ग्राम में या
तहसील में कैंप लगाकर 15 दिन के अंदर क्षतिपूर्ति की चेक बांटी जाए।
ग्रामीणों
ने यह भी कहा कि क्षेत्र में क्षतिपूर्ति की जो चेक बांटे गए हैं, वह
नाममात्र के दिखावा के तौर पर की गई है, क्योंकि 1500 रुपये से ज्यादा की
चेक किसी भी किसान को नहीं दी गई है। किसानों को हुए उनके नुकसान के
अनुपात हेक्टेयर के हिसाब से वास्तविक नुकसान की क्षतिपूर्ति दिलाई जाए।
इस
दौरान पदाधिकारियों और सवायजपुर के किसानों ने भी जोरदार प्रदर्शन किया
तथा जिलाधिकारी रमेश मिश्र को ज्ञापन देकर कार्रवाई कराने की मांग की। दिए
गए ज्ञापन में उक्त के अलावा पीड़ित किसानों की समस्याओं को सुनने के लिए
अलग से एक काउंटर खुलवाने, कटियारी व पछौहा में चेकों का वितरण सत्ता पक्ष
से न कराकर राजस्व कर्मियों से कराने की मांगे भी शामिल हैं।
इस मौके पर
अनुज पांडे, पंकज, आशीष मिश्रा, रामगुनी अग्निहोत्री, आशुतोष मिश्रा,
अंशुल मिश्रा, विश्वपाल सिंह, घनश्याम, जितेंद्र सिंह, अरुण त्रिपाठी,
मेवाराम, रनवीर, राकेश, किशोर कुमार, सूरज शर्मा, जितेंद्र सिंह, अनिल
मिश्रा आदि मौजूद थे।