- प्रभारी डीपीओ पर मामले में लीपापोती का लगाया आरोप
- सुपरवाइजर के साथ बैडटच के मामले ने तूल पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। सुपरवाइजर के साथ बैडटच का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को सुपरवाइजर्स एसोसिशएन की जनपद शाखा की पदाधिकारियों ने आरोपी लिपिक पर कार्रवाई की मांग की। डीएम को पत्र दिया और प्रभारी डीपीओ पर मामले में लीपापोती का भी आरोप लगाया है। डीएम ने पूरे मामले की जांच और कार्रवाई के प्रति आश्वास्त किया है।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की एक परियोजना में तैनात नवनियुक्त सुपरवाइजर ने कार्यालय में संबद्ध लिपिक पर बैडटच के साथ ही अभद्रता और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष सुमन देवी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सुपरवाइजर जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय पर एकत्र हुईं। डीएम से मुलाकात की। डीएम को पत्र देने के साथ ही बताया कि प्रभारी डीपीओ ने रविवार को भी कार्यालय खुलवाकर मामले में लीपापोती का काम किया है। जिससे सुपरवाइजर को न्याय मिलने की आस कम है। बड़ी संख्या में सुपरवाइजर मौजूद रहीं।
-
आंतरिक शिकायत समिति से जांच कराई जाए
बाल विकास सेवा और पुष्टाहार विभाग की नवनियुक्त सुपरवाइजर के साथ बैडटच का मामला शासन तक पहुंच गया है। बाल विकास सेवा और पुष्टाहार विभाग की निदेशक सरनीत कौर ब्रोका ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग सुपरवाइजर्स एसोसिएशन की प्रांतीय महामंत्री शशिकांता के पत्र पर जांच के आदेश दिए हैं। निदेशक ने डीएम को पत्र लिखकर प्रकरण की जांच पॉश अधिनियम-2013 में आंतरिक शिकायत समिति से कराने के लिए कहा है। कहा है कि जांच में दोषी के विरुद्ध कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाए।
-
भरखनी में है तैनाती और शहर में कर रहे थे ड्यूटी
नवनियुक्त सुपरवाइजर के साथ बैडटच से सुर्खियों में आए लिपिक के कारनामे पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। अगस्त 2024 में आरोपी लिपिक ने जिला कार्यक्रम अधिकारी के साथ अभद्रता की थी। तब तत्कालीन डीएम एमपी सिंह ने डीपीओ कार्यालय में संबद्ध सभी लिपिकों का ब्योरा तलब कर लिपिकों की परेड अपने कार्यालय में कराई थी। तब डीएम के आदेश पर आरोपी लिपिक को बाल विकास परियोजना भरखनी प्रधान सहायक के पद पर तैनाती दी गई थी। भरखनी में तैनाती के बाद आरोपी प्रधान सहायक शहर परियोजना पर ड्यूटी कर रहा था। मामले के चर्चा में आने के बाद लिपिक शहर परियोजना के कार्यालय की चाबी आदि लेकर अवकाश बिना स्वीकृत कराए गए ही चला गया है।