हरदोई। भरावन क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय छावन के एमडीएम की आठ माह की कन्वर्जन कास्ट के चेक पर प्रधान ने हस्ताक्षर नहीं किए। इस पर बीईओ ने प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रधान ने इसका अभी तक जवाब नहीं दिया है। बीईओ ने प्रधान को जवाब देने के लिए सोमवार तक का समय दिया है और कहा है कि जवाब न आने पर बीएसए को जानकारी दी जाएगी।
परिषदीय विद्यालयों में एमडीएम की कन्वर्जन कास्ट का भुगतान प्रधान के हस्ताक्षर से होता है। बीईओ डीएल राना ने आठ माह से चेक पर हस्ताक्षर न किए जाने के चलते प्रधान अंकिता यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बीईओ ने बताया कि 18 सितंबर व 27 अक्तूबर को भुगतान न करने पर प्रधान को नोटिस दिया गया है। प्रधान ने कोई जवाब नहीं दिया है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शैलजा गौतम ने शिकायत में कहा है कि जनवरी माह 23 से माह अगस्त 23 तक आठ माह के कन्वर्जन कास्ट के चेक पर प्रधान हस्ताक्षर नहीं कर रही हैं, इसके चलते दुकानदारों का बकाया चल रहा है। भुगतान न होने पर विद्यालय में भोजन भी नहीं पक रहा था।
बताया कि नोटिस के बाद से प्रधान ने 21 सितंबर से अपने हिसाब से विद्यालय में भोजन बनवाना शुरू किया और यह भी विद्यालय में नियमित नहीं पकाया जा रहा है। इससे बच्चों को नियमित एमडीएम नहीं मिल पा रहा है।