भरावन। अतरौली थानाक्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र के पास शनिवार सुबह प्रतिबंधित गूलर की लकड़ी लेकर जा रही डीसीएम को वन रक्षक ने पकड़ा। डीसीएम को संडीला के वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में खड़ा कराया गया है।
लखनऊ से जहांगीराबाद के लिए डीसीएम से ले जाई जा रही प्रतिबंधित गूलर की लकड़ी को वन रक्षक इरफान अहमद ने रोक लिया। जांच-पड़ताल में पता चला कि बिना परमिट के ही डीसीएम से लकड़ी को जहांगीराबाद ले जाया जा रहा है। वन रक्षक ने बताया कि सुबह करीब छह बजे माल रोड पर गूलर की लकड़ी से लदी डीसीएम को पकड़ा गया है। ड्राइवर ने लकड़ी का परमिट व टीपी के कोई अभिलेख नहीं दिखाए। पूछने पर बताया कि धर्मकांटा से लकड़ी खरीदकर जहांगीराबाद बेचने के लिए ले जा रहा था। डीसीएम को वन क्षेत्राधिकारी संडीला कार्यालय में खड़ा करा दिया गया है। जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।