फोटो- 20- मेडिकल काॅलेज में भर्ती छात्र हिमांशु। संवाद
हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र के शिवरी गांव में पटाखे की बारूद में आग लगाते समय कक्षा छह का छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में छात्र का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे पहले निजी अस्पताल फिर मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां छात्र का उपचार चल रहा है।
गांव निवासी रमेश मजदूरी करते हैं। उनका छोटा बेटा हिमांशु (10) उच्च प्राथमिक विद्यालय अलावलपुर में कक्षा छह का छात्र है। रमेश ने बताया कि उनके दो बीघा खेत में धान की फसल कटने के बाद आठ नवंबर की देर शाम वह गांव से एक किलोमीटर दूर डेढ़हा बाबा देवस्थान पर प्रसाद चढ़ाने गए थे। उनके साथ में उनका बड़ा बेटा पुष्पेंद्र और हिमांशु भी था।
बताया कि वह प्रसाद चढ़ाने लगे इस दौरान हिमांशु ने वहीं देवस्थान पर पड़े किसी पटाखे में से बारूद निकाल कर एक कागज पर रखकर जला दी। जैसे ही उसने बारूद में आग लगाई तेज लपटें और चिंगारी सीधे उसके चेहरे पर आ गईं। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन पहले उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए। हालत में सुधार न होने पर सोमवार शाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इमरजेंसी प्रभारी डॉ. अमित आनंद के अनुसार छात्र की हालत में सुधार हो रहा है।