हरदोई। सांडी-श्रीमऊ मार्ग पर गंभीरी पुल से हुन्नामऊ तक सड़क बनवाई जाएगी। सड़क बनवाए जाने की स्वीकृति प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत केंद्र सरकार ने दी है। करीब 1.80 किलोमीटर लंबाई वाली सड़क को बनवाए जाने पर 2.44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं सांसद जय प्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार जताया।
सांडी क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सांडी-श्रीमऊ मार्ग पर गंभीरी पुल से हुन्नामऊ तक 1.80 किलोमीटर लंबी सड़क बनवाई जाएगी। सड़क बन जाने से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। सड़क बनवाए जाने का काम पूरा होने के बाद सांडी क्षेत्र के लोगों को आवागमन का सुगम विकल्प मिल सकेगा। इससे ग्रामीणों के साथ ही किसानों और अन्य वाहन चालकों को भी आसानी होगी।
सड़क बनवाए जाने की स्वीकृति की जानकारी पर सांसद ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस मार्ग के निर्माण से स्थानीय लोगों की आवागमन संबंधी समस्या दूर होगी।