मल्लावां। मल्लावां विकास खंड अंतर्गत नसीरपुर में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को आयोजित आरोग्य मेला औपचारिकता में निपट गया। खास बात यह है कि पीएचसी में दो माह से अधिक समय से चिकित्सक की तैनाती ही नहीं है। फार्मासिस्ट मौके पर मौजूद मिले और उन्होंने ही मरीजों को देखकर दवा उपलब्ध कराई। चिकित्सक की तैनाती न होने के बावजूद यहां आरोग्य मेले में किसी चिकित्सक की ड्यूटी नहीं लगाई गई।
हर रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में नसीरपुर पीएचसी में भी आरोग्य मेले का आयोजन रविवार को था। दिन में पौने 11 बजे यहां फार्मासिस्ट लाल सिंह, एलटी ओमजी, स्टाफ नर्स रंजना देवी और सफाई कर्मी अब्दुल समर मौजूद मिले। यहां सिर्फ एक मरीज ही मौजूद मिला। डाॅक्टर के बारे में पूछे जाने पर फार्मासिस्ट लाल सिंह ने बताया कि डा. अर्चना सरोज की तैनाती यहां थी। स्थानांतरण होने के कारण 10 जून 2024 को उन्होंने कार्यभार छोड़ दिया था। इसके बाद से चिकित्सक की तैनाती यहां नहीं की गई है। सीएचसी अधीक्षक डा. संजय सिंह ने बताया कि चिकित्सक की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है। आरोग्य मेले में जो कर्मचारी गैर हाजिर मिलते हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
पीएचसी नसीरपुर में चिकित्सक की तैनाती न होने की बात अब तक संज्ञान में नहीं थी। अब पता चला है तो वहां प्राथमिकता से चिकित्सक की तैनाती कराई जाएगी। आरोग्य मेले में लापरवाही करने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।