उमस भरी गर्मी में आंधी और बारिश से भले ही राहत मिली
हो, लेकिन तमाम विद्युत उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। शाम
को आई तेज आंधी की वजह से पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए और कई
मोहल्लों में देर रात तक अंधेरा छाया रहा। वहीं देर रात हुई बारिश की वजह
से भी कई स्थानों पर बिजली गुल हो गई।
रात भर लोगाें को बिना विद्युत
आपूर्ति के रहना पड़ा। ज्ञात हो कि बीते कुछ समय से मौसम में काफी
तब्दीली हुई है। शरीर झुलसाती गर्मी से बारिश ने राहत दी है। जिसमें
शुक्रवार की शाम को आई आंधी ने भी मौसम सुहाना कर दिया। शाम को आंधी आने के
बाद मौसम की तपिश कम हो गई, वहीं तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर बिजली
आपूर्ति गुल हो गई।
पुलिस लाइन ग्राउंड के सामने पेड़ गिरने से कई खंभों के
तार टूट गए। जिसे रात में पूरी तरह से तो दुरुस्त किया नहीं जा सका और
बिजली कर्मचारी शनिवार को तार जोड़ने और आपूर्ति सही करने के काम में लगे
रहे। आंधी की वजह से पिहानी चुंगी पर 33 केवीए लाइन ब्रेक डाउन में हो गई
और महात्मा गांधी मार्ग की आपूर्ति भी गुल रही।
दोनों जगहों की आपूर्ति
देर रात 10 बजे के बाद सुचारु हो सकी। आंधी के बाद जैसे तैसे शहर की
आपूर्ति पटरी पर आई थी कि रात करीब सवा एक बजे तेज बारिश होने लगी। जिसकी
वजह से भी कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। बारिश के दौरान सांडी रोड
उपकेंद्र की आपूर्ति करीब आधे घंटे तक गुल रही।
वहीं आजाद नगर फीडर की
आपूर्ति रात भर गुल रही। ऐसे मोहल्ले वासियों को देर रात से सुबह नौ बजे तक
बिना विद्युत आपूर्ति के ही रहना पड़ा। बारिश के चलते कई मोहल्लों की
आपूर्ति गुल होने से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा। इस बाबत एसडीओ
सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि आपूर्ति को
सुधारने का काम कराया जा रहा है।