हरदोई। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में जमकर गड़बड़ी की जा रही है। कोटेदार निर्धारित समय से कोटा नहीं खोलते हैं। इससे कार्डधारकों को राशन सामग्री नहीं मिल पाती है। शिकायत के बाद भी कोटेदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है। हालांकि अब तो एपीएल और बीपीएल कार्डधारकों को ही राशन और चीनी मिल रही है। कोटा न खुलने से कार्डधारकों को भटकना पड़ता है।
जिले में करीब आठ लाख राशन कार्ड हैं। इसमें करीब 3 लाख बीपीएल एवं अन्त्योदय और 5 लाख एपीएल कार्ड हैं। सभी राशन कार्ड धारकों के लिए जिले को हर महीने करीब 24 हजार किलोलीटर केरोसिन तेल सस्ती दरों पर वितरण के लिए आता है। प्रत्येक एपीएल कार्डधारकों के लिए औसतन हर महीने 5 से 10 किलो अनाज हर माह सस्तीदरों पर वितरण के लिए आता है। कोटे की दुकानों के खुलने का समय साप्ताहिक बंदी वाले दिवस को छोड़कर प्रात: करीब 8 बजे से दोपहर 12 बजे निर्धारित है।
खाद्यान्न वितरण के लिए हर माह की 5 से 15 तारीख तक का समय निर्धारित है मगर इसका पालन नहीं किया जा रहा है। ज्यादातर समय दुकानों पर ताला लटका रहता है । इस संबंध में सपा के जिला सचिव संजय कश्यप ने भी शिकायत की थी।
डीएसओ कुमार निर्मलेंदु ने कहा कि शिकायतें आने पर उनकी जांच कराई जाती है। जांच सही मिलने पर कार्रवाई की जाती है। कोटा समय से न खोलने पर कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।