बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर में 31 जनवरी की रात मकान में चोरी करते समय पकड़े गए चोर की निशानदेही पर पुलिस ने बड़ी संख्या में चोरी के जेवरात बरामद किए हैं। चोर ने अपने दो साथियों के साथ बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम कमालपुर में पूर्व प्रधान सहित दो लोगों के मकानों में चोरी भी स्वीकार की है।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी त्रिगुण विसेन ने दावा किया कि सर्विलांस टीम के प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह और बेहटा गोकुल के प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र आनंद ने गुरुवार सुबह पौने सात बजे बेहटा गोकुल रेलवे क्रासिंग के निकट से फक्रे आलम पुत्र अलीदराज निवासी गढ़िया पैगंबरपुर थाना हजरतपुर बदायूं को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में फक्रे आलम ने बताया कि 27 जनवरी को कमालपुर में दो मकानों में और 31 जनवरी की रात टोडरपुर के चार मकानों में अपने साथियों फहीम पुत्र लंबू और फरमान पुत्र शमीम निवासी फतेहगंज पूर्वी बरेली के साथ मिलकर चोरी की थी। पुलिस ने फक्रे की निशानदेही पर चोरी के जेवर भी बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मंगलसूत्र, दो चेन पीली धातु की, लाल मूंगे की माला जिसमें सात पेंडल पीली धातु के हैं, एक पेंडल पीली धातु, पीली धातु की ही दो झुमकी, चार नाक की कील, दो टॉप्स, दो पायल, दो कान की बाली, तीन नोज पिन, काले मोती की एक माला बरामद की गई है।
इसके अलावा सफेद धातु की एक जोड़ी बिछिया, एक कमरपेटी, एक करधनी, दो जोड़ी बिछुआ, दो खडुआ, छह सुपारी और 9825 रुपये व एक मोबाइल बरामद हुआ है। उल्लेखनीय है कि 31 जनवरी को टोडरपुर में चोरी के दौरान राममुरारी शुक्ला के मकान में घुसे एक चोर को राममुरारी के पुत्र शुभम ने पकड़ लिया था।
उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था, तब से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही थी और चोरी गए जेवरात की बरामदगी के बाद पुलिस ने घटना का खुलासा किया। सीओ सदर नागेश मिश्र मौजूद रहे।