हरदोई। संस्कृत विद्यालयों में पढ़ रहे 504 विद्यार्थियों के खातों में जल्द ही वजीफा पहुंचेगा। रविवार को विकास भवन में चयनित 10 विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
संस्कृत विद्यालयों के विद्यार्थियों को वजीफा की योजना का रविवार को मुख्यमंत्री ने वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से शुभारंभ किया। जिले में हुए कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, डीएम एमपी सिंह, सीडीओ सौम्या गुरूरानी, डीआईओएस बाल मुकुंद प्रसाद ने विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक चेक सौंपीं। डीएम ने कहा कि संस्कृत हमारे अंदर की नकारात्मकता को दूर करती है। जनपद में 10 विद्यालय संचालित हैं एक और विद्यालय बनवाया जाएगा। सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने कहा कि सभी छात्र संस्कृत भाषा को आगे बढ़ाने में योगदान दें। संस्कृत भाषा हमारी संस्कृति का आधार है। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि मुख्यमंत्री बहुत बड़ा काम किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद ने कहा कि योजना से सभी स्तर के संस्कृत छात्रों को वजीफा का लाभ मिलेगा। 50 प्रतिशत अंक व 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य की गई है।