बरसात से पहले कसबे के प्रमुख स्थानों से जलभराव
रोकने को पालिका ने इस वर्ष कई नालों का निर्माण पूरा करवा लिया है। इसके
बावजूद मुख्य मार्ग पर करावां तिराहे के पास जलभराव की समस्या से निजात
मिलती नहीं दिख रही। अब पानी का निकास होने के बाद रोड का भारी गड्ढा
बरसाती पानी भरने की वजह बना हुआ है।
इसी तरह से नई बस्ती रोड पर भी अब
तक नाला सफाई आधी-अधूरी होने से रोड पर भारी बरसात होने पर जलभराव होने की
समस्या हल होती नहीं दिख रही। पिहानी के बस स्टैंड, सब स्टेशन के निकट,
करावां तिराहा और परजाऊ ताल के पास सड़क के भारी गड्ढे और पानी निकासी की
बेहतर व्यवस्था न होने से जरा सी बारिश में तालाब से नजारे दिखाई देते हैं।
हालांकि, इनमें से कुछ स्थानों पर इस वर्ष हुए नाला निर्माण के बाद यह
समस्या पूरी तरह से खत्म तो नहीं, पर काफी हद तक कम हो रही है। हाल ही में
करावां रोड पर नाला निर्माण से करावां तिराहे के पास भरने वाला पानी जल्दी
निकलने से समस्या ज्यादा देर तक नहीं रहती।
पालिका के वरिष्ठ लिपिक रामलाल
का कहना है कि रोड का गड्ढा इस समस्या का बड़ा कारण है। रोड बनने के बाद
यहां जलभराव की समस्या पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी। उन्होंने बताया कि
निपनिया चुंगी के आसपास दो नाला निर्माण कराए गए हैं, जिनसे इस रोड पर होने
वाला जलभराव अब समाप्त हो जाएगा।
बस स्टैंड पर इस समस्या के निजात को नाला
सई नदी तक पूरा करवाया गया है, जिससे इस स्थानों पर जमा होने वाला बरसाती
पानी मिनटों में निकल सकेगा। इसके अलावा नई बस्ती, मुरीदखानी, मीरसरायं और
छिपीटोला आदि मोहल्लों में पुराने नालो की सफाई युद्धस्तर पर जारी है। इसके
जरिए इन स्थानों पर इस बरसात में अवाम को जलभराव की समस्या से निजात
दिलाने की कवायद जारी है।