हरदोई (हरपालपुर)। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के सतौथा गांव में रंजिश में रविवार को दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए। दोनों पक्षों के छह लोग घायल हुए हैं। मामले में दोनों पक्षों के सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के सतौथा गांव निवासी अनूप (27) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने भाई धीरज (25) और पिता राम सनेही (50) के साथ अपने मकान के दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान गांव के बबलू, चमन, माधुरी और अलका ने रंजिश के कारण गाली गलौज करना शुरू कर दिया। मना करने पर इन लोगों ने लाठी-डंडाें से हमला कर दिया।
घटना में पिता और उसके दो पुत्र घायल हो गए। दूसरे पक्ष से माधुरी (45) पत्नी शिवसनेही ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि खेत की कब्जेदारी को लेकर गांव के ही रामसनेही, धीरज और अनूप ने उसके बेटे सुंदरम और पति शिवसनेही पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। घटना में दंपती और उसका पुत्र घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना की जांच की जा रही है।