काउंसिलिंग करा चुके जिले के 2570 शिक्षामित्रों को
सहायक टीचर पद पर समायोजित करने के पत्र जारी न करने पर शिक्षामित्रों ने
गुरुवार से बीएसए कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया। शिक्षामित्रों ने
कहा कि जब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिल जाते धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
इस
बाबत आदर्श शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षामित्रों ने
गुरुवार से बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
इस मौके पर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अरुण दीक्षित ने कहा कि प्रदेश सरकार के
निर्देश पर बीएसए की ओर से द्वितीय बैच के 2570 शिक्षामित्रों की
काउंसिलिंग कराई गई।
कहा कि शिक्षामित्रों के सापेक्ष पद रिक्त हैं। अब जब
कि नियुक्ति पत्र जारी होने हैं, तब 22 अप्रैल को बता दिया कि जिले में
मात्र 168 पद ही रिक्त हैं। कहा कि ऐसे में शिक्षामित्रों का समायोजन नहीं
किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह शिक्षामित्रों के साथ नाइंसाफी है।
उन्हाेंने कहा कि जब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिल जाते तब तक धरना प्रदर्शन
जारी रहेगा। इस बाबत एसोसिएशन के संरक्षक प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष
शिवशंकर पांडेय ने कहा कि उनका संघ शिक्षामित्रों के साथ है और उनको उनका
हक दिलाकर ही दम लेंगे।
इस बाबत शिक्षामित्रों ने बीएसए कार्यालय से
कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया और कलक्ट्रेट गेट पर जाम लगाने का प्रयास
किया। बाद में जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया, जिसमें
शिक्षामित्रों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की।
इस मौके पर
अतुल श्रीवास्तव, प्रदीप सिंह, श्याम भगवान मिश्र, शैलेंद्र सिंह, शोभित
शुक्ला, प्रतिभा मिश्रा, सरिता सिंह, गायत्री देवी, अलका द्विवेदी, संजय
श्रीवास्तव, राम प्रकाश शुक्ला, राना प्रातप सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।