सांडी। दांतों के प्राइवेट अस्पताल में जनरेटर बंद करने के दौरान दुपट्टा फंसने से नर्स का गला कस गया। गंभीर हालत में चिकित्सक उसे सीएचसी और फिर मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
नगर के मोहल्ला नवाबगंज निवासी मुस्कान (18) मोहल्ले में ही बघौली रोड पर संचालित दांतों के अस्पताल में नर्स थी। बिजली न होने के कारण बुधवार दोपहर अस्पताल में जनरेटर चल रहा था। इसी बीच बिजली आने पर मुस्कान जनरेटर बंद करने लगी। इसी दौरान उसका दुपट्टा जनरेटर में फंस गया। इस कारण दुपट्टे से गला कस गया और वह बेहोश हो गई।
अस्पताल के चिकित्सक उसे अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडी ले गए। यहां चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतका चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। भाई राजिक ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं।