हरदोई। सांसद जय प्रकाश ने कहा कि खेल से मानसिक और शारीरिक क्षमता में बढ़ोतरी होती है। खेल को खेल भावना से ही लेना चाहिए। अपनी पूरी शक्ति और प्रतिभा का प्रदर्शन खिलाड़ी करें। वह शनिवार से शुरू हुई दो दिवसीय सांसद खेल स्पर्धा का शुभारंभ करने के बाद बोल रहे थे। पहले दिन जूनियर और सीनियर वर्ग में बालक और बालिकाओं की फुटबाल और दौड़ प्रतियाेगिता हुई।
खेल निदेशालय और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित हो रही प्रतियोगिता में सांसद ने प्रतिभागियों को खेल भावना से प्रतिभाग करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करें। जिला क्रीड़ा अधिकारी मंजू शर्मा ने बताया कि खेल स्पर्धा में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबाॅल, भारोत्तोलन, बैडमिंटन, जूडो, कबड्डी और कुश्ती की प्रतियोगिता होगी। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट भूमिका यादव, डीडीओ कमलेश कुमार, बीएसए अजीत सिंह, डीपीआरओ विनय कुमार, डीसी मनरेगा रवि प्रकाश, जिला व्यायाम शिक्षक कृष्ण बिहारी अवस्थी, जिला ओलंपिक संघ सचिव पूनम तिवारी आदि मौजूद रहीं।
दौड़ में अजय, प्रज्ञा, आरिफ और काजल बनी विजेता
दो दिवसीय सांसद खेल स्पर्धा के पहले दिन दौड़ और फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। दो सौ मीटर दौड़ की प्रतियोगिता में सीनियर में बालक वर्ग से अजय प्रथम, विश्व प्रताप द्वितीय और राम प्रकाश तृतीय स्थान पर रहे। बालिकाओं में प्रज्ञा प्रथम, खुशी द्वितीय और प्रतिभा तृतीय स्थान पर रहींश्र। जूनियर में बालक वर्ग से आरिफ अहमद प्रथम, अरुण कुमार द्वितीय और सत्यवीर तृतीय रहे। बालिकाओं में काजल प्रथम, निशा द्वितीय और अंशिका देवी तृतीय रहीं। फुटबाल प्रतियोगिता में सब जूनियर और जूनियर वर्ग में सदर विधानसभा विजेता और गोपामऊ विधानसभा उप विजेता रही। महाराणा प्रताप महाविद्यालय, जिला स्काउट गाइड और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ने स्पर्धा में विशेष सहयोग किया।