टोडरपुर। बीआरसी केंद्र पर गुरुवार को टोडरपुर न्याय पंचायत के स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 100 व 200 मीटर दौड़ में जूनियर हाईस्कूल टोडरपुर के अतुल कुमार व शताब्दी शुक्ला ने पहला स्थान पाया।
जूनियर स्तर की बालक व बालिका वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में जूनियर हाईस्कूल सिकंदरपुर बाजार के बच्चों ने पहला स्थान पाया। लंबी और ऊंची कूद में बालक वर्ग में जूनियर हाईस्कूल सिकंदरपुर बाजार के देव कुमार व बालिका वर्ग में जूनियर हाईस्कूल टोडरपुर की शताब्दी शुक्ला ने प्रथम स्थान पाया। चक्का फेंक में जूनियर हाईस्कूल टोडरपुर के अतुल कुमार ने प्रथम स्थान पाया। खो-खो में जूनियर हाईस्कूल टोडरपुर व सिकंदरपुर बाजार स्कूल की टीमें संयुक्त रूप से विजेता रहीं। इस मौके पर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ टोडरपुर के अध्यक्ष अमित कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष शिव प्रसाद श्रीवास्तव, न्याय पंचायत प्रभारी प्रेम नारायण मिश्रा, अनिल कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।