हरदोई। गंगा दशहरा के मौके पर स्नान में शामिल होने के लिए रोजाना काफी संख्या में लोग हरिद्वार जा रहे हैं। पर्व को लेकर बढ़ी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हरिद्वार से लखनऊ के बीच सामान्य कोच से लैस विशेष ट्रेन संचालित की है। आज व कल के लिए ट्रेन संचालित रहेंगी। ट्रेन का ठहराव हरदोई स्टेशन पर भी दिया गया है।
गंगा दशहरा का पर्व बृहस्पतिवार को होगा। गंगा स्नान को लेकर ही हरिद्वार में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने दो फेरों के लिए अनारक्षित कोच वाली समर स्पेशल ट्रेन चलाने के निर्देश दिए हैं। हरिद्वार से पांच व छह जून को लखनऊ के लिए 04310 अनारक्षित समर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन हरिद्वार से रात 10:45 पर चलकर लक्सर, नजीबाबाद, धामपुर, मुरादाबाद, बरेली होते हुए लखनऊ जाएगी।
हरदोई स्टेशन पर अगले दिन सुबह सात बजकर 14 मिनट पर पहुंचेगी। अप में 04309 लखनऊ-हरिद्वार समर स्पेशल ट्रेन छह व सात जून को संचालित होगी। यह ट्रेन लखनऊ से सुबह 11:30 पर चलकर संडीला होते हुए हरदोई दोपहर 12:57 पर पहुंचेगी। ट्रेन निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए हरिद्वार पहुंचेगी। मंडल वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को लेकर अनारक्षित समर स्पेशल ट्रेन दो फेरों के लिए संचालित की गई है।