संडीला। विशेष सचिव बेसिक शिक्षा अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान धरातल पर चल रही विकास योजनाओं और परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। भ्रमण के दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय बेगमगंज और समीपवर्ती आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर पठन-पाठन की स्थिति व मूलभूत सुविधाओं की पड़ताल की।
विशेष सचिव बेसिक शिक्षा अवधेश कुमार तिवारी सोमवार को दो दिवसीय भ्रमण पर जनपद पहुंचे। उन्होंने ब्लॉक संडीला में संचालित विभिन्न योजनाओं की ब्लॉक सभागार में प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने बेगमगंज में संचालित पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय बेगमगंज और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया।
उन्होंने कक्षाओं में बच्चों के साथ वार्ता की और उनका शैक्षिक स्तर जानने के लिए पाठ्यक्रम के प्रश्न पूछे, विद्यालय में स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र बेगमगंज में गर्भवती महिला की गोद भराई और बच्चे के अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद सीएचसी संडीला, टीएचआर प्लांट और आरआरसी केंद्र बेगमगंज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीडीओ कमलेश कुमार, बीडीओ गौरी राठौर, सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र, बीईओ प्रियंका मौजूद रहीं।