हरदोई। नगर की बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या पर सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने नघेटा सड़क पर धान की पौध की रोपाई की। इस दौरान इन नेताओं ने भाजपा के झंडों को कीचड़ में लगाकर विरोध दर्ज कराया।
सपा नेता ने कहा कि जरा सी बारिश में पूरा नगर तालाब में बदल जाता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या का समाधान करने के बजाय आंखें मूंद लेते हैं। नगर की अधिकांश सड़कें जलभराव के कारण टूट चुकी हैं और लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। नघेटा रोड की हालत बेहद खराब है। मन्नापुरवा के निकट लखनऊ मार्ग और बिलग्राम चुंगी मार्ग, मंगली पुरवा, गंगा देवी इंटर कॉलेज रोड, बिलग्राम रोड पर भी पानी भरने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। आरोप लगाया कि जलनिकासी के लिए मिले रुपये डकार लिए गए और जनता को समस्या से जूझना पड़ रहा है।
कहा कि बारिश के बाद कीचड़ और गंदे पानी से सड़कें चलने लायक नहीं बचतीं। कई जगहों पर गड्ढे इतने गहरे हो गए हैं कि हादसों की आशंका बनी रहती है। सड़क पर धानकी पौध की रोपाई कर चेतावनी दी कि यदि जल्द जलनिकासी और सड़क मरम्मत का काम शुरू न हुआ तो, आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस मौके पर सपा व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष सुधीर गुप्ता मिन्ना, अवनीश यादव, धर्मेंद्र यादव दीपू, चंद्रप्रकाश गुप्ता, रामदत्त गुप्ता, शुभम गुप्ता, श्याम गुप्ता, दुर्गेश, रिंकू गुप्ता, हरिश्चंद्र, रमेश यादव, विनय आदि लोग मौजूद रहे।