संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बृहस्पतिवार रात बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर में रात्रि चौपाल लगाई। ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों को उनके कर्तव्यों की जानकारी दी। ग्रामीणों से जागरुक रहने को कहा। इस दौरान ग्राम प्रहरियों को कंबल और टॉर्च भी वितरित किए गए।
इन दिनों पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अलग अलग गांवों में रात्रि चौपाल लगाई जा रही है। दरअसल कोहरा और सर्दी बढ़ने के साथ ही अराजकतत्वों की गतिविधियां भी बढ़ जाती हैं। इस पर रोकथाम के लिए एसपी अशोक कुमार मीणा ने ग्राम सुरक्षा समितियों का गठन कराया है। हर रोज वह खुद भी एक गांव में रात्रि चौपाल में जाते हैं और क्षेत्राधिकारियों को भी रात्रि चौपाल में भेजते हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार रात हैबतपुर में लगी रात्रि चौपाल में एसपी ने मिशन शक्ति के बारे में जानकारी दी। साइबर अपराध और गांव में सीसीटीवी लगवाने के लिए लोगों को जागरुक किया। चौपाल में सीओ बिलग्राम, रवि प्रकाश सिंह, कोतवाल अरविंद राय भी मौजूद रहे। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर गांव में सीओ हरियावां अजीत चौहान ने रात्रि चौपाल लगाई। यहां बेनीगंज कोतवाल ओपी सरोज भी मौजूद रेह।