उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की मंगलवार को
हुई बैठक में छह माह से मिड-डे मील योजना के तहत परिवर्तन लागत और रसोइयों
का मानदेय न दिए जाने पर रोष व्यक्त किया गया और उसका तत्काल जारी करने की
मांग की गई।
संघ की बैठक को संबोधित करते हुए कोथावां ब्लाक अध्यक्ष
अंर्तयामी बाजपेई ने कहा कि गत छह माह से परिवर्तन लागत व रसोइयों का
मानदेय विभाग की ओर से जारी नहीं किया गया है। जिसे तत्काल जारी किया जाए।
संडीला के ब्लाक मंत्री गिरधर दीक्षित ने यूनिफार्म वितरण का शेष 25 फीसदी
भुगतान दिलाने और कैग आडिट में हो रही धन उगाही को बंद करने की मांग की।
रामऔतार दीक्षित ने एमडीएम से टीचरों को मुक्त कराने की मांग की।
संगठन
मंत्री करुणेंद्र प्रताप सिंह ने अप्रैल 05 के पश्चात नियुक्त टीचरों की
फंड कटौती तत्काल प्रारंभ कराने और डिप्टी बीएसए कार्यालय में जो लंबित बिल
गठित नहीं किए गए हैं, उन्हें अविलंब गठित कराने की मांग की।
पंकज
त्रिपाठी ने शाहाबाद नगर क्षेत्र में कांशीराम कालोनी में स्कूल भवन बनने
के बाद उसमें कक्षाएं संचालित न होने का मुद्दा उठाते हुए कक्षाएं संचालित
करने की मांग की। अनंतराम पांडेय ने आडिट के नाम पर टीचरों से धन उगाही का
विरोध किया।
राधेश्याम सिंह ने हरपालपुर बीईओ की कार्यशैली का विरोध किया
और कहा कि वह पिछले 10 वर्षों से ब्लाक में जमे हैं और टीचरों का उत्पीड़न
कर रहे हैं। कोषाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि लोक शिक्षा समिति के
ब्लाक समन्वयकों द्वारा प्रेरकों से 3000 रुपये प्रति प्रेरक वसूली की जा
रही, जिसे बंद कराया जाए।
जिलाध्यक्ष शिवशंकर पांडेय ने कहा कि वह अफसरों
से मिलकर टीचरों की समस्याओं का निदान कराएंगे। मिड-डे मील की समस्याएं
के लिए संघ का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मुलाकात करेगा। बैठक में होली का रंग
दिखाई दिया।
टीचरों ने बैठक से पूर्व एक दूसरे को गले मिलकर होली की बधाई
दी। इस मौके पर मंत्री इकबाल बहादुर सिंह, विपिन सिंह, सती प्रसाद गुप्ता,
बृजेश अवस्थी समेत कई टीचर मौजूद थे।