फोटो-24-घायल उज्जवल अग्निहोत्री से जानकारी लेते शहर कोतवाल विद्या सागर पाल। संवाद
- शहर में बिलग्राम चुंगी से सांडी चुंगी के बीच स्थित वाशिंग सेंटर पर हुई घटना
- कंधे में गोली लगने से युवक घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में बिलग्राम चुंगी से सांडी चुंगी के बीच बाइक सवार तीन युवकों ने युवक को तमंचे से गोली मार दी। बाएं कंधे में गोली लगने से युवक घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। परिजनों ने किसी रंजिश से इन्कार किया है। प्राथमिक जांच में नशेबाजी में घटना होने की बात सामने आ रही है।
शहर में मुन्नेमियां चौराहा के निवासी परम प्रकाश अग्निहोत्री बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री हैं। उनका पुत्र उज्जवल उर्फ विशू (22) शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे खुशीराम की बगिया के पास दोस्त धोनी के वॉशिंग सेंटर पर गया था। उज्जवल के मुताबिक वह अपनी बाइक धुलवाने सेंटर गया था। यहां धोनी से बातचीत कर रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक आए। तीनों नशे में धुत थे। इनमें से एक युवक ने बिना कोई बातचीत किए तमंचा निकला और फायर कर दिया। धोनी ने उज्जवल को धक्का देकर अलग किया, इससे दोनों बच गए। इसके बाद फिर से फायर किया। गोली उज्जवल के बाएं कंधे में लगा। उसके हाथ में भी गोली के छर्रे लगे हैं।
घायल अवस्था में वह घर पहुंचा और पिता को जानकारी देने के बाद साथियों समेत कोतवाली में घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेंद्र सिंह तोमर, पूर्व अध्यक्ष उदयवीर सिंह भदौरिया समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।
घटना को लेकर शहर कोतवाल विद्या सागर पाल और चौकी प्रभारी प्रिंस कुमार ने उज्ज्वल से पूछताछ भी की। शहर कोतवाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।