मल्लावां। उन्नाव जनपद के गंज जलालाबाद चौकी क्षेत्र में बाइक सवार भाई-बहन और पार्सल पिकअप की टक्कर हो गई। घटना में बहन की मौत हो गई जबकि भाई घायल हो गया। बुधवार सुबह हुई घटना के बाद चालक पिकअप मौके पर छोड़कर भाग निकला।
सुरसा थाना क्षेत्र के ढोलिया निवासी सचिन (18) के मौसा का घर उन्नाव जनपद के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के केसरीपुरवा गांव में है। मंगलवार को सचिन अपनी बहन राज कुमारी (22) के साथ बाइक से मौसा राम सिंह के घर गए थे। बुधवार सुबह भाई-बहन बाइक से वापस अपने घर जा रहे थे। उन्नाव कटरा मार्ग पर सुल्तानपुर गांव के पास बाइक और पार्सल पिकअप में टक्कर हो गई। टक्कर लगने से बाइक सवार भाई-बहन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से गिरकर घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी मल्लावां ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने राज कुमार को मृत घोषित कर दिया। सचिन को मेडिकल काॅलेज हरदोई रेफर किया गया। मृतका तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। प्रशिक्षु सीओ हरेकृष्ण शर्मा ने बताया कि घटनास्थल उन्नाव जनपद में है। दोनों को सीएचसी मल्लावां लाया गया था। राज कुमारी का पोस्टमार्टम मल्लावां कोतवाली की पुलिस ने कराया है।
24 नवंबर को होनी थी ससुराल के लिए विदाई, हादसे में दुनिया से ही हो गई विदा
राज कुमारी स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुकी थीं। मां पिंकी देवी ने बताया कि राज कुमारी की शादी तय कर दी थी। रहुला निवासी दीपू से शादी होनी थी। 17 नवंबर को तिलक चढ़ाने जाना था और 23 नवंबर को बरात आनी थी। 24 नवंबर को ससुराल के लिए राज कुमारी की विदाई होनी थी लेकिन इससे पहले हुए हादसे में उसने दुनिया से ही विदाई ले ली। राज कुमारी के पिता की मौत दो साल पहले बीमारी के कारण हो चुकी है।
फोटो-11- राजकुमारी। स्रोत: परिजन