फोटो-26- बिलग्राम तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनते डीएम एमपी सिंह। संवाद
फोटो-27- सवायजपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनतीं सीडीओ सौम्या गुरूरानी। संवाद
- पसनेर की वृद्धा ने की शिकायत, डीएम ने अपनी डायरी पर नोट किया मामला
- मां और बहन को हक न देने वाले व्यक्ति की जांच तहसीलदार और कोतवाल को सौंपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलग्राम। साहब! गांव के पास से गंगा एक्सप्रेस-वे बन रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे में जमीन भी चली गई है और अब तक मुआवजा नहीं मिला है। पसनेर की वृद्धा कमला देवी ने बिना शिकायती पत्र के ही डीएम को अपनी समस्या बताई।
यह सुन डीएम ने पूरे प्रकरण को अपनी डायरी में नोट कर लिया। मां और बहन को भूमि और मकान में हक देने की शिकायत तरौली निवासी ममता देवी ने की। इस मामले की जांच तहसीलदार और कोतवाली को सौंपी है।
बिलग्राम तहसील सभागार में समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने जन शिकायतों को सुना। पसनेर की वृद्धा को आश्वस्त किया कि वह पूरे मामले की जांच कराएंगे। जमीन ली गई होगी तो मुआवजा भी दिलाया जाएगा। संजलपुर निवासी वृद्ध रामबाबू मिश्रा ने उनके सम्मिलित भूमि पर कब्जे की शिकायत की। तरौली निवासी ममता देवी ने बताया कि पति की मौत के बाद पुत्र ने अविवाहित पुत्री और उन्हे घर और कृषि भूमि नहीं दी है।
बसहरपुरवा की शारदा देवी ने निराश्रित महिला पेंशन न मिलने की शिकायत की। जरौलीकलां गांव के रामावतार ने गांव के चकरोड पर कब्जा की शिकायत की। जरौली शेरपुर निवासी करमुल्ला खान खलिहान और रेलवे की भूमि पर कब्जे की शिकायत की। 194 शिकायतें दर्ज की गईं। एसडीएम पूनम भास्कर, सीओ रवि प्रकाश सिंह, सीएमओ डॉ. रोहताश कुमार, सीवीओ डॉ. एके सिंह, डीपीआरओ विनय कुमार सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।
सवायजपुर तहसील सभागार में सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने लोगों की शिकायतें सुनीं। 73 शिकायतें दर्ज की गईं। जिसमें पांच का निस्तारण किया गया। एएसपी (पश्चिमी) मार्तंड प्रताप सिंह, एसडीएम संजय अग्रहरि, सीओ हरपालपुर शिल्पा कुमारी, तहसीलदार विनीत सिंह आदि मौजूद रहे।