पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर
स्वीकृति की मुहर लगी। चेयरमैन डा. सईद खां के कसबे की प्रसिद्ध हस्तियों
के नाम पर सड़कों का नामकरण और पार्कों का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव
सर्वसम्मति से पारित किया गया।
चेयरमैन डा. सईद खां ने बैठक की
अध्यक्षता करते हुए दोहराया कि सफाई अभियान में लगे कर्मचारी निष्पक्षता के
साथ कार्य करें। धार्मिक स्थलों पर सफाई के लिए खास तवज्जो दी जाए।
उन्हाेंने कसबे में गुजरी प्रमुख हस्तियाें और स्वतंत्रता संग्राम
सेनानियों के नाम पर सड़कों का नामकरण करने और पार्कों के निर्माण का
प्रस्ताव रखा।
जिस पर पूरे बोर्ड ने सहर्ष सहमति जताई। साथ ही मिश्राना
स्थित सुभाष पार्क का जीर्णोद्धार कराने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा सभासद
रिशू वैश्य के प्रस्ताव पर स्लाटर हाउस और मांस की दुकानें बस्ती से बाहर
बनवाए जाने का फैसला किया गया।
एक अन्य प्रस्ताव में पानी टंकी की
चहारदीवारी ऊंची करने और यहां खाली पड़ी जमीन में दुकानों का निर्माण कराए
जाने का भी निर्णय लिया गया। वरिष्ठ लिपिक रामलाल ने बोर्ड से सालिड
बेस्ट योजना के तहत घर-घर कूड़ा लाने के कार्य में यूजर चार्ज पर बोर्ड की
राय मांगी, जिसे बोर्ड ने आगे के लिए टाल दिया।
इसके अलावा सभासद रिशू
वैश्य ने छिपीटोला से गोपामऊ चुंगी तक बनाई जा रही रोड के निर्माण में
मानकों की अनदेखी और घटिया निर्माण सामग्री इस्तेमाल करने की शिकायत रखते
हुए संबंधित ठेकेदार को पालिका से काली सूची में डाले जाने की मांग रखी।
इस
पर चेयरमैन ने ठेकेदार को चेतावनी देने तथा सुधार न होने पर कार्रवाई की
बात कही। गृह कर निर्धारण के बाद समाधान शिविरों में 50 फीसदी से ज्यादा
लोगोें के न पहुंचने पर सभी का गृहकर कम करते हुए पिछले वर्ष से दुकानों पर
बीस और मकानों पर दस प्रतिशत बढ़ाकर लगाने पर आमराय बनी।
बैठक में
संजीव शर्मा, इस्माइल खां, मुईनुद्दीन कुरैशी, चांद मियां, मोहम्मद कुरैशी,
लवी वाजपेई, अफसर अंसारी, विनीत गुप्ता, प्रदीप कुमार, चांद बाबू, रफीक
खां व जफीरूद्दीन अंसारी आदि सभासद मौजूद थे। उधर, बैठक के दौरान बोर्ड ने
सभासद की पत्नी पर दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा के लिए शांति की
कामना की।
हाल ही में सभासद नूर मोहम्मद की पत्नी का निधन हो गया था। इस पर
मंगलवार को हुई पालिका बोर्ड की बैठक में समस्त सभासदों और चेयरमैन के साथ
कर्मियों ने दो मिनट का मौन धारण किया।