हरदोई। सावन के तीसरे सोमवार पर शिवालयों में लोगों ने भगवान भोले नाथ के सामने माथा टेक कर सुख समृद्घि की कामना की। भक्तों के हर हर महादेव बम बम भोले के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा ।
सुबह से ही शिव भक्तों का मंदिरों में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। लोगों ने परंपरागत ढंग से विधि विधान के साथ भगवान शिव का पूजन अर्चन करने के साथ ही अभिषेक किया। बड़ी संख्या में लोगों ने आचार्यो के माध्यम से मंदिरों एवं घरों पर भगवान शिव का वैदिक रीति नीति के अनुसार मंत्रोच्चारण के बीच अभिषेक कराया।
शहर में खास तौर से आनंद सिनेमा के निकट स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर, बाबा नीलकंठेश्वर नाथ मंदिर व जिला अस्पताल चौराहा स्थित मौनी बाबा मंदिर में शिव भक्तों ने गंगा जल, दूध इत्यादि से भगवान शिव का अभिषेक किया और जयकारे लगाए। इसके साथ ही नुमाइश चौराहा स्थित शिव भोले मंदिर, सांडी रोड स्थित बाबा मनकामेश्वर नाथ मंदिर, सदर बाजार स्थित बाबा तुरंतनाथ मंदिर सहित शहर स्थित अन्य शिवालयाें एवं नयागांव स्थित भोलेनाथ के मंदिर पर भक्तों की खासी भीड़ रही। बिलग्राम में बाबा मंशानाथ, मल्लावा में सुनासीनाथ व सकाहा स्थित शिवालयों में मेला लगा रहा।