मल्लावां। प्रधानमंत्री द्वारा मंगलवार को लॉक डाउन बढ़ाए जाने के साथ ही कस्बों में विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद से प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रशासन ने मंगलवार शाम छह बजे से मल्लावां व शाहाबाद कस्बे में पूर्ण लॉकडाउन कर दिया है। दोनों कस्बे तीन दिन के लिए बंद करा दिए गए हैं। प्रमुख मार्गों व गलियों में बैरिकेडिंग करा दी गई है।
मल्लावां प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार शाम को सीओ बिलग्राम एसआर कुशवाहा व बीडीओ मयंक द्विवेदी ने नगर के सभासदों के साथ कोतवाली में बैठक की। नगर को तीन दिन के लिए सील किए जाने की जानकारी दी। रात से लेकर सुबह तक कस्बे की सभी सड़कों को बल्लियां लगाकर सील कर दिया गया। बुधवार को पुलिस ने एनाउंस कर लोगों से घरों से न निकलने की अपील की। कोतवाल कमलेश कुमार ने बताया कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए मुख्यालय से अतिरिक्त फोर्स भी भेजी गई है। शाहाबाद प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार शाम से लागू पूर्ण लॉकडाउन का अनुपालन कराने के लिए कस्बे में पीएसी भी तैनात की गई है। सख्ती के कारण बुधवार को मेडिकल स्टोर, दूध, सब्जी व किराना आदि की दुकानें भी बंद रही। पुलिस ने बुधवार को पीएसी जवानों के साथ नगर में भ्रमण किया। कोतवाल महेश चंद्र पांडे ने कहा कि कोई नियम तोड़ेगा तो कार्रवाई की जाएगी।
बिलग्राम में छठे दिन भी बंदी कायम
बिलग्राम। नौ अप्रैल को कस्बे के एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद से संबंधित मोहल्ले को सील कर दिया गया था। इसके साथ ही कस्बे में लॉकडाउन का अनुपालन कराने के लिए सख्ती बढ़ा दी गई थी। बुधवार को छठे दिन भी प्रशासन की सख्ती जारी रही। मेडिकल स्टोर, बैंक, राशन और सब्जी की दुकानें पूर्णतया बंद रहीं। सीओ एसआर कुशवाहा ने बताया कि इस समय विशेष एहतियात बरती जा रही है। आवश्यकता अनुसार छूट भी दी जाएगी।